Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में 23 अक्टूबर 2026 से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन ईवीएम और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल वीवीपैट के साथ कंट्रोल यूनिट की प्रथम स्तरीय जांच शुरू होगी। जांच प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जांच से पहले की तैयारियों और विभिन्न विभागों की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि प्रथम स्तरीय जांच के लिए भारत निर्वाचन आयोग के 10 इंजीनियरों के साथ 40 श्रमिक तैनात रहेंगे। जांच प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। ईवीएम और वीवीपैट के साथ कंट्रोल यूनिट की जांच निर्धारित मानकों और निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी। अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान ने संबंधित अधिकारियों को जांच स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और अग्निशमन विभाग को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने के साथ अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जांच स्थल पर स्वास्थ्य टीम तैनात करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्युत और भवन संबंधी व्यवस्थाओं सहित अन्य आवश्यक तैयारियों को समय से पूरा करने को कहा ताकि जांच प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार चंद और लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता रीना नेगी के साथ ग्रामीण निर्माण विभाग के एल पी भट्ट तथा विद्युत विभाग के अभिनव रावत उपस्थित रहे। इसके अलावा एसीएमओ डॉ.अमित मेहरा और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एस एल शाह के साथ जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा तथा नगर पालिका पौड़ी के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *