Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नैनबाग में 202 ग्राम अवैध चरस के साथ उत्तरकाशी निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चरस की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सूरज रावत उम्र 24 वर्ष पुत्र प्रताप सिंह रावत निवासी ग्राम नागझाला थाना पुरोला जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 अक्टूबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में कोतवाली कैम्पटी पुलिस की ओर से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नैनगांव स्थित यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 202 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चरस परिवहन में प्रयुक्त हीरो एक्सपल्स मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर UK07 FU 3901 है। इस मामले में कोतवाली कैम्पटी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार युवक को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में नैनबाग चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मंगेश कुमार और कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे से बचाने के लिए वह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *