प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोटद्वार से लापता युवती को जम्मू रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। माता-पिता की डांट से नाराज होकर युवती जम्मू पहुंच गई थी। पुलिस ने युवती को 24 घंटे के भीतर तलाश कर सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की। 18 अक्टूबर 2026 को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली कोटद्वार में प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी कि उनकी पुत्री 17 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे कपड़े लेने के लिए कोटद्वार बाजार गई थी लेकिन वापस घर नहीं लौटी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने युवती की शीघ्र तलाश करने और सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इन निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवती के जम्मू जाने वाली ट्रेन में होने की जानकारी मिली। इस महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस टीम तत्काल जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुई और जीआरपी जम्मू-कश्मीर से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्राप्त किया। इसके बाद पुलिस टीम ने जम्मू पुलिस के सहयोग से लापता युवती को जम्मू रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजा राम डोभाल और कांस्टेबल अनुज वर्मा के साथ महिला कांस्टेबल नेहा रावत शामिल रहे।
