प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की राष्ट्रपति पुरस्कार परीक्षा में जनपद पौड़ी गढ़वाल के आठ स्काउट-गाइड प्रतिभाग करेंगे। 24 अक्टूबर से भोपालपानी स्थित प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित होने वाली पांच दिवसीय परीक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के पांच गाइड और दो स्काउट सहित कुल आठ प्रतिभागी अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। जनपद की ओर से गाइड वर्ग में प्रियाशी और आकांक्षा के साथ अनामिका रावत तथा अक्षरा और तानिया चौहान एवं महक काला प्रतिभाग करेंगी। वहीं स्काउट वर्ग में शिवकुमार और कपिल प्रतिभाग करेंगे। जिला स्काउट-गाइड सचिव केसर सिंह असवाल ने बताया कि प्रतिभागी जिला स्तर से शकुंतला बुड़ाकोटी और रूपचंद लखेड़ा के साथ परीक्षा में शामिल होंगे। पांच दिवसीय परीक्षा एवं प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ध्वज शिष्टाचार और प्रतिज्ञा सहित स्काउट-गाइड के नियमों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही अनुमान लगाना और मैप रीडिंग तथा प्राथमिक चिकित्सा और पायनियरिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन और सामुदायिक विकास के साथ मचान निर्माण सहित स्काउट-गाइड से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान इन विषयों में प्रतिभागियों की जानकारी और दक्षता का आकलन किया जाएगा। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रतिभागियों को नई दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रपति पुरस्कार का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। जनपद पौड़ी गढ़वाल के प्रतिभागियों के चयन और परीक्षा में सहभागिता पर जिला स्काउट-गाइड के मुख्य आयुक्त अत्रेश सयाना और उपायुक्त अंशुल बिष्ट तथा प्रशिक्षण आयुक्त मनमोहन भट्ट सहित अन्य पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे परीक्षा में अपनी दक्षता का बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
