Spread the love

प्रदीप कुमार
थलीसैंण-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के सख्त निर्देशों पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पौड़ी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में डेढ़-डेढ़ हजार रुपये के दो ईनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी थलीसैंण और अल्मोड़ा से की गई है। जनपद में संगठित अपराध और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के दिशा-निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली लैंसडाउन में गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत दर्ज मामले में गैंग लीडर लवकुमार और उसके सात अन्य साथियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। इस मामले की विवेचना थाना रिखणीखाल के प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद अकरम द्वारा की जा रही है। मामले में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल ने दोनों अभियुक्तों पर 1500-1500 रुपये का ईनाम घोषित किया था। साथ ही उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और विवेचनाधिकारी के पर्यवेक्षण में तथा कोतवाली लैंसडाउन के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम ने 22 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित ईनामी अभियुक्त जगत सिंह को थलीसैंण से गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे ईनामी अभियुक्त रामस्वरूप नौटियाल उर्फ रब्बू को अल्मोड़ा से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों में जगत सिंह पुत्र स्वर्गीय गुंदर सिंह निवासी ग्राम मंगरौ पोस्ट तकुलसारी थाना थलीसैंण जनपद पौड़ी और रामस्वरूप नौटियाल उर्फ रब्बू पुत्र जगदीश चन्द्र नौटियाल निवासी ग्राम सारसौं सरायखेत थाना सल्ट जनपद अल्मोड़ा शामिल हैं। दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी गैंगस्टर एक्ट के मामले में की गई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार और हेड कांस्टेबल पंकज कुमार तथा हेड कांस्टेबल संतोष कुमार शामिल रहे। पौड़ी पुलिस द्वारा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और संगठित अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *