प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। गरीबों और बेसहारा लोगों को आश्रय देने के लिए बनाया गया रैन बसेरा शराबियों का अड्डा बना हुआ मिला। राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर टैक्सी स्टैंड के समीप स्थित रैन बसेरे का महापौर आरती भंडारी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां अव्यवस्थाएं सामने आने पर महापौर ने कड़ा रुख अपनाते हुए रैन बसेरे को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए। महापौर आरती भंडारी ने स्पष्ट किया कि रैन बसेरे का उद्देश्य गरीबों और निराश्रितों सहित जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है। ऐसी जनहितकारी सुविधा का दुरुपयोग किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यवस्था में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाते हुए रैन बसेरे को बंद करने के आदेश दिए।
जनसुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
महापौर आरती भंडारी के इस औचक निरीक्षण को शहर की जनसुविधाओं को दुरुस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रैन बसेरे जैसी व्यवस्था का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे इसके लिए इसके संचालन और रखरखाव में सुधार की आवश्यकता है। महापौर ने बताया कि जल्द ही रैन बसेरे का नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ इसका संचालन शुरू किया जाएगा।
जरूरतमंदों को मिलेगा सुरक्षित आश्रय
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों और जरूरतमंद लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। रैन बसेरा गरीबों और बेसहारा लोगों के लिए बनाया गया है इसलिए इसका संचालन भी उसी उद्देश्य के अनुरूप होना चाहिए। जल्द ही इसे नए स्वरूप में तैयार कर व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाएगा ताकि जरूरतमंद लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके। महापौर आरती भंडारी के औचक निरीक्षण और सख्त निर्देशों से रैन बसेरे की व्यवस्था में सुधार की दिशा में कार्रवाई का संदेश दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित के लिए बनाई गई सुविधाओं का उपयोग जनहित में ही होना चाहिए।
