प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत लगातार सघन चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में थाना छाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 356 ग्राम अवैध चरस के साथ नेपाली मूल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 22 अक्टूबर 2026 को थाना छाम की पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्यांसु मोड़ के पास एक नेपाली मूल के व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 356 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नार सिंह महरा पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्राम बांज थाना दार्चुला जिला दार्चुला नेपाल उम्र 43 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध बरामद अवैध चरस के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस मादक पदार्थ की प्राप्ति के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। टिहरी पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनवीर सिंह चौहान और अपर उपनिरीक्षक जुगल किशोर भट्ट के साथ हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह बिष्ट तथा महिला कांस्टेबल कल्पना शामिल रहीं। टिहरी पुलिस ने नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने और सुरक्षित समाज के संकल्प को दोहराया है।
