प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप की नोडल अधिकारी वरुणा अग्रवाल के निर्देशों के क्रम में विद्यालयों और ग्राम पंचायतों सहित विभिन्न विकासखंडों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत जीजीआईसी बौराड़ी की छात्राओं ने चित्रकला के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चंबा की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। जीआईसी छपराधार और जीआईसी रणसोलीधार में चित्रकला और जागरूकता रैली के साथ निबंध एवं आलेख प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। वहीं जीएचएसएस थालकाधार जाखणीधार के विद्यार्थियों ने दुर्गम और कठिन परिस्थितियों में मतदान केंद्र तक पहुंचने वाले मतदान कार्मिकों के विषय पर लघुनाटिका का मंचन किया। राजकीय इंटर कॉलेज रानीचौरी में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई जबकि जीआईसी डांगचौरा में विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ दिलाई गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। बीडीसी कीर्तिनगर में ब्लॉक प्रमुख अंचला खंडेवाल की उपस्थिति में मतदाता जागरूकता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकासखंड थौलधार के कमांद और सुनारगांव तथा देवप्रयाग विकासखंड के महिला मंगल दल बिडकोट और महिला मंगल दल नौर में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही विकासखंड भिलंगना के ग्राम सेंदुल तथा विकासखंड प्रतापनगर के महिला मंगल दल सुजड़गांव में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकासखंड जाखणीधार की सुदूर ग्राम पंचायत नवाकोट में जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान ने ग्रामीणों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान यशोदा देवी और क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता देवी सहित पूर्व प्रधान भगवती प्रसाद रतूड़ी तथा सहायक विकास अधिकारी पंचायत के.आर. रतूड़ी उपस्थित रहे। इसके अलावा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मुकेश कुमार और अश्विनी कुमार तथा कनिष्ठ अभियंता प्रीतम सिंह रावत और ब्लॉक समन्वयक दिग्विजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कार्मिकों के साथ ग्रामीण भी मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने तथा आगामी विधानसभा निर्वाचन में स्वतंत्र और निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आगामी विधानसभा निर्वाचन में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और परिवार तथा आस-पड़ोस के लोगों सहित अन्य नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें ताकि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
