Spread the love

प्रदीप कुमार
बदरीनाथ-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ ढाल सिंह बिसेन शनिवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। राज्यपाल ने भगवान बदरी विशाल से प्रदेश की सुख-समृद्धि शांति उन्नति एवं जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर राज्यपाल ने श्रद्धालुओं से देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं धार्मिक विरासत एवं विशिष्ट पहचान को संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देवभूमि की संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं जिनका संरक्षण करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित और देशहित में सकारात्मक भूमिका निभाते हुए सामाजिक सद्भाव आपसी सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों की मर्यादा का पालन करने प्रदेश को स्वच्छ एवं नशामुक्त बनाने तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बदरी विशाल से समस्त श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करने तथा प्रदेश में निरंतर सुख शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी भानुमति बिसेन जिलाधिकारी गौरव कुमार पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार एडीसी जितेंद्र चौधरी उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय अलकेश नौड़ियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *