प्रदीप कुमार
दुगड्डा-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड दुगड्डा में एससीपी बैकयार्ड कुक्कुट पालन योजना के अंतर्गत 42 लाभार्थियों को निःशुल्क कुक्कुट इकाइयां वितरित की गईं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.विशाल शर्मा ने बताया कि बैकयार्ड कुक्कुट पालन से लाभार्थियों को अतिरिक्त आय अर्जित करने के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और पशुपालक अपनी आजीविका को मजबूत कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कुक्कुट इकाइयों का वितरण विभिन्न ग्राम प्रधानों को किया गया। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कुक्कुट पालन को प्रोत्साहित करने और लाभार्थियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपेश शर्मा पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी हेमंत बड़थ्वाल पशुधन प्रसार अधिकारी स्मिता भंडारी तथा पशुधन सहायक नरेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
