प्रदीप कुमार
चंबा-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खाई में गिरी कार से दंपति को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में दोनों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार सोमवार 26 अक्टूबर 2026 को जिला कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली चंबा पुलिस को सूचना मिली कि नई टिहरी रोड पर टीसीआर होटल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली चंबा के प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा पुलिस बल और आपदा राहत उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर फायर सर्विस टिहरी और पीएसी के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दुर्घटनाग्रस्त वैगनआर कार संख्या यूके 14 जे 0190 नई टिहरी से ऋषिकेश की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग से टकराने के बाद करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और एक पेड़ पर अटक गया। कार में सवार दंपति को पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी पहचान मधु पैन्यूली उम्र लगभग 55 वर्ष पत्नी हरिश्चंद्र पैन्यूली और उनके पति हरिश्चंद्र पैन्यूली निवासी विनोद विहार कॉलोनी खत्री रोड श्यामपुर ऋषिकेश जनपद देहरादून के रूप में हुई है। दुर्घटना में दोनों को हल्की चोटें आईं। पुलिस टीम ने बिना देरी किए 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। चंबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और अन्य राहत टीमों के समन्वित प्रयासों से दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार दोनों लोगों को समय रहते सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। रेस्क्यू अभियान में कोतवाली चंबा के प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा उपनिरीक्षक रवि कुमार हेड कांस्टेबल विनोद कांस्टेबल विजयपाल पीएसी पुलिस बल और फायर सर्विस टिहरी की टीम शामिल रही। टिहरी पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटना अथवा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस और आपदा राहत सेवाओं को सूचना दें।
