Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने सोमवार को अपने राठ क्षेत्र के भ्रमण के दौरान थलीसैंण में 1289.80 लाख रुपये यानी लगभग 12.90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भीड़ा–हँस्युड़ी ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने योजना का स्थलीय निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि योजना शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल की सुविधा मिलेगी। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार जन-जन तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। पेयजल योजना से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। जनसुविधाओं को मजबूत करना तथा विकास का लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। अपने भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने ग्राम सभाओं पोखरी गंगाऊ गढ़सारी बगवाड़ी और ब्यासी में महिला मंगल दलों की महिलाओं के साथ संवाद किया। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं और सुझावों के साथ ही क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की गई। डॉ.रावत ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहित करना है। महिला मंगल दल ग्रामीण समाज में सामाजिक जागरूकता बढ़ाने सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने तथा सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और सशक्त समृद्ध एवं सांस्कृतिक रूप से संपन्न उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को साकार किया जा सकता है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना भी आवश्यक है। सरकार का संकल्प है कि क्षेत्र के प्रत्येक परिवार को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनसेवा विकास और जनकल्याण सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान डॉ.धन सिंह रावत के साथ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज रावत सहित संगठन के पदाधिकारी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *