प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में चिकित्सा संस्थानों में साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण के साथ व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए स्पेशल कैंपेन 6 के तहत जिले की समस्त चिकित्सा इकाइयों में एक साथ स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों सहित सभी चिकित्सा इकाइयों में साफ-सफाई की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि अभियान के तहत चिकित्सा इकाइयों के वार्डों ओपीडी शौचालयों और परिसर में सफाई की गई। चिकित्सा इकाइयों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था की जांच की गई और चिकित्सालयों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके निर्धारित नियमों के अनुसार निस्तारित किया गया। स्वच्छता एवं संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को हाथों की सफाई के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही आवश्यक स्थानों को सैनिटाइज किया गया। चिकित्सालयों में अनुपयोगी और अनावश्यक सामान हटाया गया तथा मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य चिकित्सा इकाइयों में स्वच्छता के स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ मरीजों एवं उनके तीमारदारों को स्वच्छ सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों में स्वच्छता बनाए रखने को निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति हमेशा सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
