Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। आगामी त्योहारी सीजन में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार 27 अक्टूबर 2026 को विभाग की ओर से श्रीनगर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मिठाई विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पीसी जोशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिठाई विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों में मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अवधि अंकित किए जाने की जांच की गई। अधिकांश मिठाई निर्माताओं द्वारा निर्धारित प्रावधानों का पालन किया जा रहा था जबकि कुछ दुकानों पर इसका अनुपालन नहीं पाया गया। इस पर संबंधित दुकानदारों को मिठाइयों पर निर्माण तिथि एवं उपयोग की अवधि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य व्यापारियों के साथ जागरूकता गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। गोष्ठी में सहायक आयुक्त ने व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के साथ मिठाइयों के सुरक्षित भंडारण और उचित तापमान पर रखरखाव तथा बिक्री के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए सभी खाद्य कारोबारियों को निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए। गोष्ठी में पान मसाला एवं गुटखा से संबंधित प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। उन्होंने व्यापारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की। इस अवसर पर व्यापार मंडल से छवि अग्रवाल और अमित पाल सहित बलबीर कंडारी राकेश आहूजा हर्ष अग्रवाल रविन्द्र चौहान पुनीत मित्तल सहित अन्य खाद्य व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed