प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी जिला पौड़ी की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक श्रीनगर मंडल स्थित अदिति पैलेस में प्रदेश सह-प्रभारी एवं मुख्य वक्ता बांसुरी स्वराज की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में उन्होंने पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उत्साह भरते हुए संगठन को मजबूत बनाने और लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया। बैठक का शुभारंभ जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत के स्वागत संबोधन से हुआ। प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। मुख्य वक्ता बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए सवाल किया कि आम मतदाता भाजपा को तीसरी बार सत्ता में क्यों लाना चाहेगा और इसके लिए पार्टी को किस दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन की ताकत बढ़ाने का आह्वान किया। बांसुरी स्वराज ने कहा कि सत्ता भाजपा के लिए जनकल्याण का माध्यम है न कि किसी लोभ-लालच का। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र का प्रहरी बनेगा। संगठन में किसी भी पदाधिकारी को अहंकार नहीं करना चाहिए। सभी कार्यकर्ता एक ध्वज के नीचे मिलकर काम करते हुए संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कसने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने उनकी माता स्वर्गीय सुषमा स्वराज को यहां से सांसद बनाकर संसद भेजा था। वह उत्तराखंड के प्रति अपने जुड़ाव और दायित्व को निभाना चाहती हैं तथा प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने की कामना करती हैं। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित अभद्र भाषा पर भी अफसोस जताया। बांसुरी स्वराज ने बताया कि अपने प्रवास के दौरान वह कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता जनसंपर्क तथा संगठनात्मक प्रभाव को समझने का प्रयास कर रही हैं ताकि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को और प्रभावी बनाया जा सके। बैठक का संचालन जिला महामंत्री गणेश भट्ट ने किया जबकि समापन और धन्यवाद संबोधन जिला प्रभारी नलिन भट्ट ने दिया। श्रीनगर पहुंचने से पहले प्रदेश सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज का पराग डेयरी में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पार्षद पंकज सती की टीम ने स्वागत किया। इसके बाद पौड़ी बस स्टेशन पर नगर निगम की महापौर आरती भंडारी और पार्षदों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मां धारी देवी के दर्शन कर आशीर्वाद भी लिया। संगठनात्मक बैठक में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत जिला प्रभारी नलिन भट्ट जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत जिला सह-प्रभारी रविंद्र राणा पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्कर जोशी संपत सिंह रावत सुषमा रावत बबीता रावत जिला महामंत्री महिपाल नेगी और गणेश भट्ट गिरीश पैन्यूली महापौर आरती भंडारी मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल परमिला भंडारी गणेश राठी नरेंद्र टमटा मुकेश कोहली सुयस रावत वासुदेव कंडारी डॉ.केके गुप्ता संजय जैन अनुप पांथरी और प्रदीप मल सहित अनेक पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
