प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता महिला सुरक्षा साइबर अपराधों से बचाव और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। कोतवाली कैंपटी पुलिस द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नैनबाग में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान की जानकारी दी गई। नशे के बढ़ते प्रचलन और उसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को देशभक्ति सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं कोतवाली चंबा पुलिस द्वारा मॉडर्न स्कूल एकेडमी चंबा में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गौरा शक्ति पहल महिला सुरक्षा साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों और नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी फिशिंग सोशल मीडिया हैकिंग फर्जी लिंक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी केवाईसी धोखाधड़ी बैंकिंग धोखाधड़ी और निवेश संबंधी साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। पुलिस ने सलाह दी कि सभी लोग मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करें और टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाएं। अपना ओटीपी यूपीआई पिन बैंक संबंधी जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल संदेश या लिंक पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। पुलिस टीम ने बताया कि पुलिस या कोई जांच एजेंसी डिजिटल अरेस्ट के नाम पर वीडियो कॉल के माध्यम से गिरफ्तारी नहीं करती और न ही जांच के नाम पर किसी से पैसे ट्रांसफर करने को कहती है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने अथवा साइबर अपराध की आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों और शिक्षकों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें साइबर अपराधों नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से सुरक्षित रखना रहा। टिहरी पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है इसलिए सभी विद्यार्थी राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने महिला सुरक्षा का सम्मान करने तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। टिहरी पुलिस ने संदेश दिया कि आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प है।
