Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद हरिद्वार को स्वच्छ सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा गंगा घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। जनसहयोग से ही हरिद्वार को स्वच्छ सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला 2027 के दृष्टिगत जनपद में विभिन्न स्तरों पर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत गंगा घाटों सार्वजनिक स्थलों प्रमुख मार्गों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर साफ-सफाई के कार्य किए जा रहे हैं। इस अभियान में सामाजिक संगठनों स्वयंसेवी संस्थाओं साधु-संतों धार्मिक संस्थानों होटल एसोसिएशनों व्यापारिक प्रतिष्ठानों जनप्रतिनिधियों और शिक्षण संस्थानों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में अथवा किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा-कचरा न फेंके। सभी नागरिक कूड़े को निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। गंगा नदी और उसके घाटों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि किसी भी सार्वजनिक स्थान सड़क घाट अथवा अन्य क्षेत्र में कूड़ा-कचरा दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8273371714 पर दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही जनपद की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाना है। उन्होंने जनपदवासियों सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं व्यापारियों युवाओं विद्यार्थियों तथा विभिन्न संगठनों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। सभी नागरिक अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें ताकि हरिद्वार की धार्मिक सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गरिमा को बनाए रखते हुए शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला 2027 को स्वच्छ सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। इन प्रयासों को सफल बनाने में जनपदवासियों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझें खुले में कूड़ा न फेंकें तथा कहीं भी गंदगी दिखाई देने पर कंट्रोल रूम नंबर 8273371714 पर सूचना देकर प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नागरिकों सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से हरिद्वार को न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का नंबर एक स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed