Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के दृष्टिगत जनपद हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार 27 अक्टूबर 2026 को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में चंडी चौक और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया गया। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ ही आवागमन को सुचारु करना और कुंभ मेले के दृष्टिगत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने स्पष्ट किया कि सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी प्रकार का फड़ ठेली अथवा अन्य सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित सामान जब्त करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य कुंभ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और आम लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed