प्रदीप कुमार
देवप्रयाग-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं आशा कार्यकर्ताओं और भोजनमाताओं के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि किए जाने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आशा कार्यकर्ता और भोजनमाताएं वर्षों से पूर्ण मनोयोग निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। ये सभी मातृ एवं शिशु कल्याण पोषण बच्चों की देखभाल स्वास्थ्य सेवाओं और विद्यालयों में भोजन व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अपना योगदान दे रही हैं। विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि इन कार्यकर्ताओं द्वारा विगत वर्षों से अपने मानदेय में वृद्धि किए जाने की मांग की जा रही है लेकिन उनकी मांग पर अब तक अपेक्षित निर्णय नहीं हो पाया है। वर्तमान में उन्हें अपनी कार्य जिम्मेदारियों के अनुरूप पर्याप्त मानदेय नहीं मिल पा रहा है जिसके कारण उन्हें अपने परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं आशा कार्यकर्ताओं और भोजनमाताओं के योगदान तथा उनकी आर्थिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए उनके मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि किए जाने की स्वीकृति प्रदान की जाए।
