प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद पौड़ी गढ़वाल में ईवीएम वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट की प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया जारी है। यह जांच राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में ईसीआईएल के इंजीनियरों द्वारा की जा रही है ताकि निर्वाचन उपकरणों की जांच प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एफएलसी सुपरवाइजर पीआर चौहान ने बताया कि जनपद में उपलब्ध निर्वाचन उपकरणों के विवरण के अनुसार कुल 1626 बैलेट यूनिट 1998 कंट्रोल यूनिट तथा 2117 वीवीपैट हैं। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर 2026 तक 546 बैलेट यूनिट की जांच की जा चुकी है जिनमें से 528 सही पाई गईं। इसी प्रकार 635 कंट्रोल यूनिट की जांच में 190 सही पाई गईं जबकि 559 वीवीपैट की जांच में 527 मशीनें सही पाई गईं। उन्होंने बताया कि जांच प्रक्रिया के दौरान ईवीएम और वीवीपैट की तकनीकी स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है। साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन किया जा रहा है। प्रथम स्तरीय जांच प्रक्रिया में 15 सुपरवाइजर एवं स्टाफ 15 ईवीएम नोडल स्टाफ 10 ईसीआईएल इंजीनियर और 40 श्रमिक शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में वेयरहाउस में प्रथम स्तरीय जांच का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जांच का कार्य प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक किया जा रहा है। कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया की लगातार वेबकास्टिंग भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सही पाई जाने वाली बैलेट यूनिट कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट मशीनों को सुरक्षित रखा जा रहा है।
