Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर लालजीवाला पार्किंग में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा बसों के विरुद्ध सघन संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान अब तक 20 बसों के चालान किए गए हैं जबकि 3 बसों को सीज किया गया है। इसके अतिरिक्त 10 बसों की फिटनेस निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई है। फिटनेस निरस्तीकरण के संबंध में आगे की कार्रवाई नियमानुसार सक्षम प्राधिकारी के स्तर से की जाएगी। इस संयुक्त अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन निखिल शर्मा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा के साथ यातायात निरीक्षक संदीप नेगी तथा संभागीय निरीक्षक प्राविधिक आनंद वर्धन और परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती शामिल हैं। संयुक्त टीम द्वारा बसों की तकनीकी स्थिति फिटनेस आवश्यक अभिलेखों और परमिट की शर्तों के अनुपालन की गहन जांच की जा रही है। संभागीय निरीक्षक प्राविधिक द्वारा बसों का तकनीकी परीक्षण भी किया जा रहा है ताकि यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली कमियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। इस संयुक्त अभियान के माध्यम से बस संचालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वाहनों के आवश्यक अभिलेख पूरे रखने के साथ उनकी तकनीकी स्थिति और सुरक्षित संचालन के निर्धारित मानकों का पालन करना भी अनिवार्य है। लालजीवाला पार्किंग में जांच अभियान लगातार जारी है। जांच आगे बढ़ने के साथ कार्रवाई के आंकड़ों में वृद्धि हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed