Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार पुलिस ने गुमशुदगी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर लुधियाना पंजाब से एक महिला और उसके 15 माह के बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से महिला और बच्चे की तलाश की। जानकारी के अनुसार 25 अक्टूबर 2026 को कोटद्वार कोतवाली में कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी पत्नी अपने 15 माह के बच्चे को साथ लेकर बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों ने महिला और बच्चे की काफी तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। शिकायत मिलने के बाद कोटद्वार कोतवाली पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने गुमशुदगी के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने और ऐसे मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन निर्देशों के क्रम में कोटद्वार कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की सहायता से महिला और बच्चे की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई के दौरान दोनों के लुधियाना पंजाब में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर महिला और बच्चे को लुधियाना से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने पारिवारिक नाराजगी के कारण घर से चले जाने की बात बताई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद महिला और बच्चे को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी उपनिरीक्षक विनोद चपराना हेड कांस्टेबल करन कांस्टेबल कुलदीप महिला होमगार्ड रश्मि और तकनीकी सहायता प्रदान करने वाले कांस्टेबल अवनीश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed