प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क सुरक्षा एवं वाहनों के सुरक्षित संचालन को लेकर जनपद हरिद्वार में परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन निखिल शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न उल्लंघनों पर कुल 120 वाहनों के चालान किए गए तथा 35 वाहनों को सीज किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत लग्जरी बसों की जांच एवं तकनीकी निरीक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई। संभागीय निरीक्षक प्राविधिक आनंद वर्धन की मौजूदगी में बसों की तकनीकी स्थिति तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की गई। इस दौरान फिटनेस और परमिट सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ वाहनों की वास्तविक स्थिति का भी परीक्षण किया गया। लग्जरी बसों के संचालन में यात्री सुरक्षा को केंद्र में रखते हुए तकनीकी निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान के दौरान 12 लग्जरी बसों के चालान किए गए तथा 2 लग्जरी बसों को सीज किया गया। ये कार्रवाई कुल 120 चालान और 35 सीज वाहनों के आंकड़ों में शामिल है। चेकिंग अभियान में स्कूल बसों को भी शामिल किया गया। स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए वाहनों की फिटनेस और आवश्यक अभिलेखों तथा निर्धारित सुरक्षा शर्तों के अनुपालन की जांच की गई। परिवहन विभाग ने कहा कि स्कूल वाहन संचालकों की जिम्मेदारी है कि बच्चों के परिवहन में प्रयुक्त वाहन तकनीकी रूप से दुरुस्त हों और उनका संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जाए। लग्जरी एवं स्कूल बसों के अतिरिक्त अन्य यात्री वाहनों तथा मालवाहक वाहनों की भी जांच की गई। वाहन की श्रेणी के अनुसार आवश्यक अभिलेखों और अनुमन्य उपयोग एवं संचालन संबंधी शर्तों के अनुपालन को परखा गया। जांच में सामने आए उल्लंघनों के आधार पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध चालान एवं सीज करने की कार्रवाई की गई। अभियान में दस्तावेजों के सत्यापन के साथ वाहनों की वास्तविक तकनीकी स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि सड़क पर संचालित वाहनों में सुरक्षा संबंधी कमियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की नियमित जांच एवं आवश्यक मरम्मत कराएं। वाहनों की फिटनेस और परमिट तथा बीमा सहित अन्य लागू अभिलेख अद्यतन रखें और निर्धारित क्षमता एवं अनुमन्य शर्तों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें। जनपद में लग्जरी बसों की तकनीकी जांच तथा स्कूल बसों एवं अन्य यात्री और मालवाहक वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क सुरक्षा से जुड़े उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
