प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती सप्ताह एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में टिहरी पुलिस की ओर से पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य एवं शारीरिक फिटनेस को प्राथमिकता देते हुए जनपद के विभिन्न थानों में मेडिकल कैंप एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना हिंडोलाखाल कोतवाली घनसाली कोतवाली कीर्तिनगर तथा थाना मुनिकीरेती की चौकी भद्रकाली में स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में पुलिस कर्मियों होमगार्ड पीआरडी जवानों उनके परिजनों तथा यात्रा में संचालित वाहनों के चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। थाना हिंडोलाखाल के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिंडोलाखाल में आयोजित मेडिकल कैंप में चिकित्सकों की टीम ने थाने में नियुक्त पुलिस कर्मियों होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड टेस्ट एक्स-रे सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं तथा चिकित्सकों ने आवश्यक चिकित्सा परामर्श प्रदान किया। थाना घनसाली परिसर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी से पहुंची चिकित्सकों की टीम ने मेडिकल परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किया। शिविर में थाने पर नियुक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ही थाने में आने वाले आम नागरिकों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया। इसी तरह कोतवाली कीर्तिनगर परिसर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कीर्तिनगर के चिकित्सकों की टीम ने मेडिकल कैंप आयोजित किया। इस दौरान कोतवाली में नियुक्त पुलिस कर्मचारियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने सभी को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने पर्याप्त नींद लेने तथा नियमित योग एवं व्यायाम अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। वहीं 30 अक्टूबर 2026 को थाना मुनिकीरेती की ओर से चौकी भद्रकाली में मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। इस दौरान थाना पुलिस ट्रैफिक पुलिस जल पुलिस एवं एसओजी में नियुक्त पुलिस कर्मियों के साथ-साथ चारधाम यात्रा एवं अन्य यात्रा गतिविधियों में संचालित वाहनों के चालकों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। मेडिकल कैंप में चिकित्सकों ने ब्लड प्रेशर आंखों की जांच शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जांचें कीं तथा उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। टिहरी पुलिस ने बताया कि पुलिस कर्मी दिन-रात कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने अपराध नियंत्रण यातायात प्रबंधन आमजन एवं यात्रियों की सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में तत्परता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ड्यूटी की व्यस्तता एवं कार्य के दबाव के बीच कई बार पुलिस कर्मी अपने स्वास्थ्य और परिवारजनों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते। वहीं यात्रा मार्गों पर लगातार वाहन संचालन करने वाले चालकों के लिए भी नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों उनके परिवारजनों एवं यात्रा में संचालित वाहनों के चालकों के स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित करना समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करना तथा सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। टिहरी पुलिस की ओर से कहा गया कि पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों सहित आमजन और यात्रियों की सुरक्षा एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।
