Spread the love

प्रदीप कुमार
थत्यूड़-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के थाना थत्यूड़ क्षेत्र में देर रात एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 40 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही थत्यूड़ पुलिस ने बारिश और विषम परिस्थितियों के बीच त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर कार में सवार दोनों व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ पहुंचाया गया जहां उनका उपचार कराया गया। चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार दोनों की स्थिति सामान्य है। जानकारी के अनुसार 29 अक्टूबर 2026 की रात्रि करीब 21:50 बजे दुग्गड़ा से लगभग एक किलोमीटर आगे भुयासारी-किन्सू रोड पर स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK07TA-8402 अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 40 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। उक्त वाहन मसूरी से अपने गांव ठीक की ओर जा रहा था। कार में चालक मुकेश सिंह पुत्र जय सिंह निवासी ग्राम ठीक थाना थत्यूड़ जनपद टिहरी गढ़वाल उम्र 27 वर्ष तथा उनके साथ सुनील राणा पुत्र रतन सिंह राणा निवासी ग्राम ठीक थाना थत्यूड़ जनपद टिहरी गढ़वाल उम्र 34 वर्ष सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष थत्यूड़ महावीर सिंह रावत पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बारिश और विषम परिस्थितियों के बीच कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ पहुंचाया गया जहां उनका उपचार कराया गया। इस रेस्क्यू अभियान में थानाध्यक्ष महावीर सिंह रावत हेड कांस्टेबल मनीष सिंह हेड कांस्टेबल मुकेश सिलोडी कांस्टेबल विपिन चौहान और कांस्टेबल आयुष नेगी शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि रात्रि के समय अनावश्यक यात्रा से बचें तथा वाहन की गति नियंत्रित रखें। सुरक्षित वाहन संचालन ही सुरक्षित सफर की गारंटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *