प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। धाम पहुंच रहे श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति के साथ यहां के मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे हैं। बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियां और धाम का दिव्य वातावरण श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। रविवार को प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं के केदारनाथ धाम पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पैदल मार्ग घोड़ा-खच्चर डंडी-कंडी और हेलीकॉप्टर के माध्यम से श्रद्धालु धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कर रहे हैं। बढ़ती ठंड के बीच भी श्रद्धालुओं में दर्शन को लेकर उत्साह और आस्था बनी हुई है। इस वर्ष की यात्रा के दौरान अब तक कुल 18 लाख 74 हजार 100 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के शेष दिनों में भी श्रद्धालुओं की सुविधा सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा धाम में श्रद्धालुओं के ठहरने खान-पान पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया गया है। वहीं रुद्रप्रयाग पुलिस स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा भीड़ प्रबंधन और सुगम यात्रा के लिए निरंतर तत्पर है। उल्लेखनीय है कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 11 नवंबर 2026 को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे।
