प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संचालित विशेष स्वच्छता महाअभियान सोमवार को 13वें दिन भी जारी रहा। कुंभ मेलाधिकारी सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयरिश पुल से लेकर दिव्यांग घाट गोविंदपुरी घाट सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में श्री अखंड परशुराम अखाड़ा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों वेलनेस समाज फाउंडेशन सहित विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों एवं कार्मिकों ने सहभागिता की। इस दौरान घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से टनों कूड़ा एवं अपशिष्ट एकत्रित किया गया। एकत्रित कूड़े और अपशिष्ट को उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया। जिला प्रशासन द्वारा कुंभ मेला-2027 से पूर्व गंगा घाटों मंदिर परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने आमजन एवं सामाजिक संगठनों से अभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने तथा गंगा घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा नहीं फैलाने की अपील की है। साथ ही लोगों से आग्रह किया गया है कि कपड़ों एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा कराएं। अभियान में सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक जेपी जुयाल नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी पवन कार्की सहायक नगर आयुक्त गौरव रावत मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त तथा सुपरवाइजर बलराम दीपक विक्रान्त प्रदीप एवं धीरज सहित विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों और 20 पर्यावरण मित्रों ने सक्रिय सहभागिता की।
