Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में प्रत्येक सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 2 नवंबर 2026 को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 90 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से 55 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष शिकायतों को त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व और भूमि विवाद तथा विद्युत एवं अतिक्रमण के साथ ही जलभराव और पेयजल एवं राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं सामने आईं। जनसुनवाई में शिकायतकर्ता श्यामलाल निवासी जगजीतपुर ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। वहीं शिकायतकर्ता धर्मेंद्र पुत्र लालसिंह ने बताया कि ग्राम रांघड़वाला परगना रुड़की में वर्ष 1998-99 में खसरा संख्या 333 के अंतर्गत एक पट्टा आवंटित हुआ था लेकिन इसे आज तक खतौनी में दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने पट्टे को खतौनी में जल्द दर्ज कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। समाजसेवी नितिन यादव ने भागीरथी बिंदु से गीता कुटीर तक गंगा पटरी मार्ग का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराने के संबंध में आवेदन दिया। वहीं पीठ बाजार भूपतवाला के व्यापारी नितिन यादव ने पिछले 25 वर्षों से संचालित पीठ बाजार की व्यवस्था में सुधार करने और बाजार को किसी अन्य भूमि पर स्थानांतरित करने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में जनता द्वारा दर्ज कराई जाने वाली समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों के निस्तारण के लिए स्थलीय निरीक्षण किया जाना आवश्यक है उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर मौके पर पहुंचें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों द्वारा दर्ज कराई जाने वाली समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की भी हुई समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन में दर्ज होने वाली शिकायतों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता करें। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ता से स्वयं मिलें और उनकी समस्या का समाधान तत्परता से सुनिश्चित करें। उन्होंने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 524 शिकायतें तथा एल-2 स्तर पर 134 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित पाई गईं। संबंधित अधिकारियों को इन सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ तथा अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार एवं जिलाधिकारी वैभव गुप्ता के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आरके सिंह और उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा मौजूद रहे। इसके अलावा अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार बिश्नोई और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी तथा महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी एवं जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत तथा जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया एवं अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *