Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर चंबा बाजार में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि अभियान के दौरान होटल और रेस्टोरेंट तथा परचून की दुकानों एवं मिठाई विक्रेताओं और फल-सब्जी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थों में प्रयुक्त दुग्ध उत्पादों के स्रोत और कच्चे माल की खरीद एवं बिल तथा निर्माण प्रक्रिया और उत्पादों की लेबलिंग व पैकेजिंग एवं बैच नंबर और निर्माण तथा समाप्ति तिथि के साथ रसोईघर की साफ-सफाई की जांच की गई। एनालॉग पनीर एवं गैर-दुग्ध उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से भी जांच की गई। टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों को निर्माण क्षेत्र एवं रसोईघर में स्वच्छता बनाए रखने तथा एफआईएफओ यानी पहले आया पहले उपयोग व्यवस्था का पालन करने के निर्देश दिए। मिठाई एवं बेकरी विक्रेताओं को ट्रे पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित करने तथा सभी होटल और रेस्टोरेंट एवं मिठाई विक्रेताओं को स्वच्छ वातावरण में खाद्य पदार्थों का निर्माण सुनिश्चित करने को कहा गया। इस दौरान दो दुकानदारों को सुधार नोटिस जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान मिठाई के 5 और पनीर के 2 तथा बेसन का 1 एवं घी का 1 और मसालों के 2 तथा अन्य खाद्य पदार्थ का 1 नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। इस प्रकार कुल 12 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए। इसके अतिरिक्त चंबा क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने होटल और रेस्टोरेंट एवं मिठाई की दुकानों में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की जांच की। संबंधित विक्रेताओं को घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न करने की चेतावनी दी गई। साथ ही सभी खाद्य प्रतिष्ठानों को आवश्यक खाद्य पदार्थों की मूल्य सूची चस्पा करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ खाद्य अधिकारी शारदा शर्मा एवं बलवंत चौहान तथा जिला पूर्ति विभाग से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गर्विन भट्ट और पूर्ति निरीक्षक रवि राणा एवं सहायक श्रीचंद कुमाई उपस्थित रहे। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं जनस्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *