Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कीर्तिनगर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम को सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने 9.59 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्रनगर के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के दौरान 5 नवम्बर 2026 को कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चेकिंग कर रही थी। इस दौरान रात लगभग 8 बजकर 50 मिनट पर मलेथा बंध से देवप्रयाग की ओर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 9.59 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप उम्र 35 वर्ष निवासी मकान संख्या 126 आदर्श ग्राम कुम्हारबाड़ा ऋषिकेश जनपद देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली कीर्तिनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस संयुक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमल कुमार कोतवाली कीर्तिनगर और उपनिरीक्षक आशीष शर्मा एएनटीएफ के साथ हेड कांस्टेबल प्रदीप कोतवाली कीर्तिनगर तथा हेड कांस्टेबल विपुल कुमार एएनटीएफ और कांस्टेबल रविन्द्र सिंह कोतवाली कीर्तिनगर शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की विशेष निगरानी नशे की तस्करी और बिक्री तथा वितरण में संलिप्त व्यक्तियों पर बनी हुई है। टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि देवभूमि उत्तराखंड के शांत और सुंदर पहाड़ी क्षेत्रों में नशे का जहर फैलाने तथा युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेलने वाले तस्करों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजन से नशे से दूर रहने और सुरक्षित भविष्य के लिए जागरूक रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *