Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली के पावन पर्व पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने मुनि की रेती थाना क्षेत्र में पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को मिठाई वितरित कर दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ उनकी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा और शांति के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर भी पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं ताकि आमजन अपने परिवारों के साथ सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मना सकें। पुलिसकर्मियों का यह समर्पण सराहनीय है। इस दौरान उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरे मनोयोग और सतर्कता के साथ संवेदनशील होकर ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति और सुरक्षा के साथ बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखना टिहरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दीपावली के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां साझा करने से जवानों में विशेष उत्साह और अपनत्व का भाव देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में मिले एक बुजुर्ग का हालचाल भी जाना और उन्हें दीपावली के शुभ अवसर पर मिठाई वितरित कर शुभकामनाएं दीं। टिहरी पुलिस परिवार की ओर से समस्त जनपदवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। टिहरी पुलिस ने आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प का संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *