Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली के पावन पर्व पर विश्वप्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम को भव्य एवं दिव्य रूप से सजाया गया है। बाबा केदार के दरबार और मंदिर प्रांगण को लगभग 18 से 20 क्विंटल विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। फूलों से सजे बाबा केदार धाम की अलौकिक छटा श्रद्धालुओं और भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दीपावली महापर्व के अवसर पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य डॉ. विनीत चंद्र पोस्ती ने धाम से जानकारी साझा करते हुए समस्त देश और प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि दीपावली के पावन अवसर पर आज श्री केदारनाथ धाम के क्षेत्रपाल एवं रक्षक भगवान भुकुंड भैरवनाथ जी के कपाट शीतकाल के लिए विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार बंद किए जाएंगे। इस धार्मिक अनुष्ठान के अवसर पर स्थानीय हक-हकूकधारी और तीर्थ पुरोहित समाज के प्रतिनिधियों के साथ ही श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति परिवार तथा पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि भगवान भुकुंड भैरवनाथ जी के कपाट बंद होने के साथ ही श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाने की धार्मिक एवं पारंपरिक प्रक्रिया भी प्रारंभ हो जाएगी। आगामी 11 नवंबर को विधि-विधान के साथ बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इस अवसर पर मंदिर समिति सदस्य डॉ.विनीत चंद्र पोस्ती ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे दीपावली के पावन पर्व पर धाम पहुंचकर दीप प्रज्वलित करें और दीपोत्सव को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर की मर्यादा एवं पवित्रता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें और धाम में शांति तथा सौहार्द बनाए रखने के साथ ही धार्मिक परंपराओं के पालन में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *