प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली के पावन पर्व पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों को मिठाई वितरित कर दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही सभी के सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य के साथ उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर को और खास बनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस परिवार के नन्हे-मुन्ने बच्चों को दीपावली के उपहार भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए कई बार त्योहारों पर भी अपने परिवार से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। ऐसे में पुलिस परिवार के साथ त्योहारों की खुशियां साझा करना आपसी विश्वास और अपनत्व के साथ पारिवारिक भावना को मजबूत करता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सकारात्मक ऊर्जा लेकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। टिहरी पुलिस की यह पहल पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही पुलिस परिवार के बीच आपसी सौहार्द और सम्मान के साथ अपनत्व की भावना को और मजबूत करने का संदेश देती है। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह और क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर सुरेंद्र सिंह भंडारी सहित मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी संजीवा कुमार उपस्थित रहे। इनके अलावा नई टिहरी के प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल और नरेंद्र नगर के प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा तथा देवप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक कृष्णकांत और कीर्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा मौजूद रहे। कार्यक्रम में निरीक्षक यातायात प्रताप सिंह और निरीक्षक एलआईयू शैलेश राणा तथा प्रभारी सीआईयू ओम कांत और हिंडोलाखाल के थानाध्यक्ष धनराज सिंह बिष्ट सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। टिहरी पुलिस की ओर से समस्त जनपदवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
