Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली पर्व के दौरान आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए चमोली पुलिस और फायर सर्विस पूरी तरह मुस्तैद हैं। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में जनपदभर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। दीपावली के दौरान आतिशबाजी की दुकानों और मुख्य बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन द्वारा आतिशबाजी की दुकानों के लिए निर्धारित स्थलों पर गोपेश्वर और ज्योतिर्मठ तथा गैरसैंण फायर स्टेशनों एवं यूनिटों की कुल 15 फायर यूनिटों को अग्निशमन उपकरणों और फायर टेंडरों सहित तैनात किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। फायर सर्विस की टीमों द्वारा आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ पटाखा विक्रेताओं के लाइसेंस की जांच की जा रही है। विक्रेताओं को दुकानों पर पानी और रेत से भरी बाल्टियां सहित आवश्यक अग्निशमन सामग्री अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही फायर कर्मियों द्वारा अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए पटाखा विक्रेताओं को जागरूक किया जा रहा है। चमोली पुलिस ने पटाखा विक्रेताओं और आमजन से अपील की है कि दीपावली का पर्व उत्साह के साथ-साथ पूरी सावधानी से मनाएं। अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों की अनदेखी न करें और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *