Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुनिकीरेती क्षेत्र के लक्ष्मणझूला चौक पर देर रात्रि तीन दुकानों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। टिहरी पुलिस की तत्परता से समय रहते फायर सर्विस को सूचना दी गई और फायर ब्रिगेड तथा स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना दिनांक 08 नवम्बर 2026 की रात्रि लगभग 01:11 बजे की है। राघव सिंह निवासी तपोवन ने मोबाइल फोन के माध्यम से थाना मुनिकीरेती पुलिस को सूचना दी कि लक्ष्मणझूला चौक स्थित बंद दुकानों में आग लगी हुई है और दुकानों के अंदर से सफेद धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस की टीम बिना विलंब किए घटनास्थल पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर सर्विस को आग लगने की सूचना दी गई। मौके पर जांच करने पर लक्ष्मणझूला चौक स्थित तीन दुकानों में आग लगी हुई पाई गई। इनमें आदित्य पुत्र अजय सिंह निवासी लक्ष्मणझूला जनपद पौड़ी गढ़वाल की गढ़वाल जेम्स नाम से हैंडीक्राफ्ट की दुकान शामिल थी। दूसरी दुकान मोनू शर्मा उर्फ मनोज शर्मा पुत्र रामनिवास शर्मा निवासी लक्ष्मणझूला की गंगा डेली नीड्स थी जहां चिप्स कोल्ड ड्रिंक और पानी की बिक्री होती थी। तीसरी दुकान महेंद्र शर्मा पुत्र रामनिवास शर्मा निवासी लक्ष्मणझूला की नमस्ते ऋषिकेश नाम से कपड़ों की दुकान थी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की शुरुआत बीच वाली दुकान गंगा डेली नीड्स से हुई थी जिसके बाद आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से गंगा डेली नीड्स दुकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। वहीं नमस्ते ऋषिकेश दुकान में रखे कपड़ों सहित अन्य सामान पूरी तरह जल गया। गढ़वाल जेम्स हैंडीक्राफ्ट की दुकान के बोर्ड में आग लगने से नुकसान हुआ जबकि दुकान का शेष सामान सुरक्षित रहा। टिहरी पुलिस की तत्परता से फायर सर्विस को तत्काल सूचना दी गई जिसके बाद फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना के समय तीनों दुकानों के मालिक भी मौके पर मौजूद थे। प्रथम दृष्टया स्थानीय लोगों ने आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। टिहरी पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि अपने प्रतिष्ठानों में विद्युत उपकरणों वायरिंग और बिजली के कनेक्शनों की समय-समय पर जांच करवाएं। दुकान बंद करने से पहले विद्युत उपकरणों और अनावश्यक बिजली कनेक्शनों को बंद करना सुनिश्चित करें। साथ ही प्रतिष्ठानों में अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें ताकि इस प्रकार की घटनाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *