प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में आमजन की सुरक्षा और सहायता के प्रति प्रतिबद्ध टिहरी पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई करते हुए खारास्रोत क्षेत्र से लापता हुई 60 वर्षीय महिला को कुछ ही समय में सकुशल बरामद कर परिजनों को राहत पहुंचाई। थाना मुनिकीरेती पुलिस ने सूचना मिलते ही तत्काल तलाश शुरू कर महिला को सुरक्षित बरामद करने में सफलता प्राप्त की। दिनांक 08 नवम्बर 2026 को विकास सरकार निवासी पश्चिम बंगाल ने पुलिस चौकी कैलाश गेट पर सूचना दी कि उनकी चचेरी सास सुनीता मंडल उम्र लगभग 60 वर्ष निवासी पश्चिम बंगाल पैदल चलने में असमर्थ हैं। उन्होंने अपनी चचेरी सास को लक्ष्मण झूला से ऑटो चालक अर्जुन के माध्यम से खारास्रोत भेजा था। खारास्रोत पहुंचने पर महिला ऑटो से उतरने के बाद कहीं चली गईं। इसके बाद परिजनों ने उनकी काफी तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। महिला की उम्र और चलने-फिरने में असमर्थता को देखते हुए परिजन काफी परेशान हो गए। सूचना प्राप्त होते ही थाना मुनिकीरेती पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया और लापता महिला की तलाश के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए विभिन्न स्तरों पर महिला की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों और अथक मेहनत के परिणामस्वरूप पुलिस ने लापता महिला सुनीता मंडल को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद महिला को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। महिला के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और टिहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई तथा तत्परता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान बुजुर्गों और बच्चों के साथ विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। ऐसे व्यक्तियों को कभी अकेला न छोड़ें। साथ ही उनकी जेब में परिजनों का संपर्क नंबर और पहचान संबंधी जानकारी अवश्य रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति में उनसे तत्काल संपर्क किया जा सके। टिहरी पुलिस ने आमजन की सुरक्षा और सहायता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प है।
