Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने महाराष्ट्र भ्रमण के दौरान शुक्रवार को नवी मुंबई कोऑपरेटिव बैंक का दौरा कर बैंक की कार्यप्रणाली और वित्तीय गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बैंक के अधिकारियों के साथ उत्तराखंड में सहकारिता विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और नवाचारों की जानकारी भी साझा की। महाराष्ट्र दौरे पर गए सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि उन्होंने नवी मुंबई स्थित कोऑपरेटिव बैंक पहुंचकर वहां की बैंकिंग प्रणाली को बारीकी से समझा। साथ ही बैंक अधिकारियों से बैंकिंग लेन-देन और उपभोक्ता सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने बैंक के अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं समस्त निदेशक मंडल के साथ बैठक कर उत्तराखंड में सहकारिता विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं नवाचारों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। बैंक पहुंचने पर अध्यक्ष बजरंग रामचंद्र सावंत और उपाध्यक्ष कृष्णकांत रामचंद्र शिंदे ने कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद बैंक अध्यक्ष बजरंग रामचंद्र सावंत ने बैंक की कार्यप्रणाली वित्तीय गतिविधियों उपलब्धियों और सहकारी बैंकिंग क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण मंत्री के समक्ष रखा। बैठक के दौरान सहकारिता मंत्री ने उत्तराखंड में सहकारिता के माध्यम से किसानों महिलाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर तीन लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में संचालित मिलेट्स मिशन की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से पारंपरिक मोटे अनाजों के उत्पादन खरीद और विपणन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे पर्वतीय किसानों की आय में वृद्धि के साथ स्थानीय कृषि उत्पादों को नई पहचान मिल रही है। डॉ. रावत ने राज्य में संचालित माधो सिंह भंडारी सामूहिक सहकारी खेती योजना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उत्तराखंड में महिला स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समूहों के माध्यम से पहाड़ों की अनुपयोगी एवं बंजर पड़ी भूमि का सदुपयोग किया जा रहा है। इन समूहों द्वारा सामूहिक रूप से सब्जियों फल-फूलों और अन्य कृषि उत्पादों की खेती कर ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने सहकारी समितियों के डिजिटलीकरण पैक्स के कंप्यूटरीकरण बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के विस्तार तथा सहकारी संस्थाओं को रोजगार और स्वरोजगार का केंद्र बनाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों से भी बैंक प्रबंधन को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में सहकारिता से समृद्धि के संकल्प को साकार करने के लिए सहकारिता क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन किए जा रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी सहकारिता को किसानों की समृद्धि महिलाओं के सशक्तिकरण ग्रामीण विकास और स्वरोजगार का मजबूत आधार बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। डॉ.रावत ने कहा कि सहकारी संस्थाएं केवल वित्तीय लेन-देन का माध्यम नहीं हैं बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक आर्थिक अवसर और विकास की पहुंच सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम हैं। विभिन्न राज्यों की सहकारी बैंकिंग व्यवस्थाओं के अनुभवों का आदान-प्रदान सहकारिता क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके उपरांत डॉ.रावत ने श्री कुलस्वामी कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड का भी निरीक्षण किया और सोसाइटी की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सोसाइटी सहकारिता के क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रही है और उत्तराखंड की सहकारी समितियों में भी यहां के मॉडल को अपनाया जाएगा। इससे पहले महाराष्ट्र पहुंचने पर डॉ.रावत का उत्तराखंडी प्रवासी समाज पनवेल और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया गया। इस अवसर पर नवी मुंबई कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष बजरंग रामचंद्र सावंत उपाध्यक्ष कृष्णकांत रामचंद्र शिंदे निदेशक श्याम अमृतराव माधिक लक्ष्मण विजय सोमनाथ सुभाष मारुति प्रवीण रामचंद्र महेश संतोष सहित बैंक का समस्त निदेशक मंडल और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *