Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन और दावे-आपत्तियों को लेकर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि जनपद की निर्वाचक नामावली का प्रारूप मतदाता सूची 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित कर दिया गया है। इस पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान स्थलों को निर्वाचन आयोग से अनुमोदन मिलने के बाद कुल 1001 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। इससे पहले इनकी संख्या 994 थी। प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जनपद में कुल 4 लाख 69 हजार 993 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2 लाख 44 हजार 672 पुरुष 2 लाख 25 हजार 317 महिला और चार थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जनपद में 5 हजार 270 सर्विस मतदाता भी हैं। बैठक में बताया गया कि दावे-आपत्तियों की अवधि में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रारूप-6 नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 तथा मतदाता विवरण में संशोधन एवं पता परिवर्तन के लिए प्रारूप-8 पर आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। अब तक जनपद में प्रारूप-6 के 3179 प्रारूप-7 के 146 तथा प्रारूप-8 के 926 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं एवं पहली बार पात्र होने वाले मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पात्र नागरिक बूथ लेवल अधिकारी निर्वाचन कार्यालय अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बैठक में भाजपा प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार कांग्रेस प्रतिनिधि नवीन सेमवाल एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *