Spread the love

प्रदीप कुमार
कालागढ़/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर ने थाना कालागढ़ का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर थाना परिसर और पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर कर्मचारी बैरक भोजनालय महिला हेल्प डेस्क और हवालात सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही थाना मालखाना माल मुकदमाती संपत्ति शस्त्र एवं एम्युनिशन एफआईआर रजिस्टर और विवेचना रजिस्टर सहित थाने में संधारित विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं जनशिकायतों समन एवं वारंटों का समयबद्ध त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना कालागढ़ की अंतरराज्यीय सीमा से जुड़ी संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखने और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही क्षेत्र में नशा मुक्ति अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कर्मचारियों का सम्मेलन लिया। इसमें उन्होंने प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी से उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *