Spread the love

प्रदीप कुमार
देवप्रयाग/टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र में शुक्रवार 13 नवंबर को महिन्द्रा स्कॉर्पियो और अर्टिगा टैक्सी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई जबकि 13 लोग घायल हो गए। डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी देवप्रयाग पुलिस बल और आवश्यक आपदा राहत उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम थाने से लगभग तीन किलोमीटर दूर तीनधारा की ओर होटल गंगा दर्शन से करीब 100 मीटर आगे दुर्घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पंजाब नंबर की महिन्द्रा स्कॉर्पियो संख्या PB10KT-3636 और उत्तराखंड नंबर की अर्टिगा टैक्सी संख्या UK12TA-4646 की भिड़ंत हुई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे और उनमें सवार कई लोग घायल अवस्था में थे। पुलिस टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद घायलों को थाने के सरकारी वाहन और निजी वाहनों से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवप्रयाग पहुंचाया गया। दुर्घटना में अर्टिगा टैक्सी में सवार 69 वर्षीय मदन लाल भट्ट पुत्र स्वर्गीय दाताराम भट्ट निवासी ग्राम स्यालांगी पट्टी सितोन्स्यूं कोट ब्लॉक जनपद पौड़ी गढ़वाल को चिकित्सकों ने अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। वहीं छह अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया है। स्कॉर्पियो में सवार सभी सात लोगों को सामान्य चोटें आई हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा करवाया जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु कराया गया। दुर्घटनाग्रस्त महिन्द्रा स्कॉर्पियो लुधियाना पंजाब से श्री बदरीनाथ धाम की ओर जा रही थी। वाहन में एक ही परिवार के सात लोग सवार थे। स्कॉर्पियो को 42 वर्षीय बलविंदर पुत्र कृष्ण देव निवासी लुधियाना पंजाब चला रहे थे। वाहन में उनके साथ जसप्रीत उर्फ ज्योति पत्नी बलविंदर उम्र 49 वर्ष कमल पुत्र गुरमेल सिंह निवासी जनकपुरी गाजियाबाद अनीता पत्नी कमल सिंह शिविका पुत्री कमल सानवी पुत्री कमल और अर्शवीर पुत्र बलविंदर सवार थे। वहीं अर्टिगा टैक्सी संख्या UK12TA-4646 में चालक सहित सात लोग सवार थे। वाहन को संदीप रावत पुत्र यशवंत सिंह रावत निवासी ग्राम पोखरी मसनगांव पौड़ी गढ़वाल चला रहे थे। टैक्सी में करण नेगी निवासी कांडी पौड़ी आनंदी भट्ट उम्र 50 वर्ष भावना पत्नी क्रांति नेगी उम्र 31 वर्ष क्रांति नेगी कामिनी पुत्री हिम्मत सिंह निवासी ग्राम पंडोरी पोस्ट लवाली पौड़ी और 69 वर्षीय मदन लाल भट्ट सवार थे। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही होना प्रकाश में आया है। पुलिस दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *