Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया को प्रोत्साहित करने और व्यापक जन-जागरूकता के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए कि जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें। उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को अपने-अपने विभागों के समस्त कार्मिकों का स्व-गणना के माध्यम से डेटा भरवाना सुनिश्चित करने को कहा। सीडीओ ने बताया कि स्व-गणना पूरी होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक फील्ड सर्वेयर घर-घर जाकर भरे गए डेटा का सत्यापन करेंगे और उसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। स्व-गणना के दौरान कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे जो सामान्य जानकारी से संबंधित होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की जाने वाली सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। सीडीओ ने स्व-गणना प्रक्रिया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मोबाइल के माध्यम से स्व-गणना का डेटा भरने के बाद एक आईडी जनरेट होगी। सभी संबंधित व्यक्ति इस आईडी को सुरक्षित रूप से सेव करके रखें क्योंकि फील्ड सर्वेयर द्वारा डेटा सत्यापन के दौरान इसकी आवश्यकता होगी। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि अपने विभागों के सभी भोजन माताओं शिक्षकों कर्मचारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को जागरूक करते हुए उनका स्व-गणना डेटा भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शीघ्र ही जागरूकता कैंप आयोजित किए जाएंगे और उनका कार्यक्रम जल्द साझा किया जाएगा। इन कैंपों में फील्ड ट्रेनर्स द्वारा स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देने के साथ आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्रों में आयोजित होने वाली जनप्रतिनिधियों की बैठकों में सभी जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को स्व-गणना के प्रति जागरूक किया जाए तथा उनका विवरण ऐप पर दर्ज करवाया जाए। उन्होंने आगामी जौनपुर और जाखणीधार में आयोजित होने वाली क्षेत्र पंचायत की बैठकों में भी स्व-गणना प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करते हुए उनका डेटा अपलोड करवाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर सांख्यिकी अधिकारी धारा सिंह ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने ऐप पर डेटा भरने की प्रक्रिया और सभी 40 प्रश्नों के उत्तर दर्ज करने की विधि के संबंध में अधिकारियों को विस्तारपूर्वक समझाया। बैठक में उप जिला चिकित्साधिकारी डॉ. निधि अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग आलोक सिंह खंड विकास अधिकारी जौनपुर राकेश बिष्ट खंड विकास अधिकारी देवप्रयाग विनय बहुगुणा श्रम अधिकारी आयशा सहित अन्य संबंधित अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *