Spread the love

प्रदीप कुमार
यमकेश्वर/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने यमकेश्वर और द्वारीखाल ब्लॉक की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर ठांगर बंद पाया गया और वहां नियुक्त सभी कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दिउली और पौखाल पीएचसी टाइप-ए कांडाखाल किंसुर और भृगुखाल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेलूसैण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और उनकी स्थिति के साथ सफाई व्यवस्था पेयजल तथा आवासीय भवनों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को चिकित्सा उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित रखने और स्वास्थ्य केंद्रों की अन्य व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। निरीक्षण के दौरान पीएचसी कांडाखाल के चिकित्सालय भवन में सीलन पाई गई। इसके साथ ही यहां आवासीय भवन के निर्माण और पीएचसी किंसुर के एएनएम सेंटर में जमीन धंसने तथा बाउंड्रीवाल निर्माण की आवश्यकता सामने आई। इस पर सीएमओ ने निर्माण अनुभाग को संबंधित निर्माण कार्यों का आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने बताया कि यमकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत पीएचसी दिउली में चिकित्सकों की अनुपस्थिति को लेकर मिली शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दिउली में चिकित्सक अवकाश पर पाए गए। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर ठांगर बंद मिला और वहां नियुक्त सभी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने बताया कि अन्य सभी चिकित्सा इकाइयों में निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *