Spread the love

प्रदीप कुमार
यमकेश्वर/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी में फर्जी एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.उमेश त्यागी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 23 सितंबर 2026 को गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी यमकेश्वर के प्राचार्य ने थाना यमकेश्वर में महाविद्यालय में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी के विरुद्ध जाली एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने के संबंध में तहरीर देकर विधिक कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर थाना यमकेश्वर में संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। प्रकरण की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के निकट पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष यमकेश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। गठित पुलिस टीम ने मामले की गहन विवेचना करते हुए आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। इसके साथ ही लगातार सुरागरसी और पतारसी की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों से सामने आया कि आरोपी ने गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी यमकेश्वर पौड़ी गढ़वाल में फर्जी एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त की थी। पर्याप्त साक्ष्य संकलित होने के बाद पुलिस टीम ने 12 नवंबर 2026 को आरोपी डॉ. उमेश त्यागी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 49 वर्ष है। उसका पूर्व पता मुरादनगर जनपद गाजियाबाद उत्तर प्रदेश और वर्तमान पता बादलपुर जिला गौतमबुद्धनगर नोएडा उत्तर प्रदेश है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक गिरिजेश त्रिपाठी हेड कांस्टेबल लोकेश गिरि कांस्टेबल संजीव कुमार अपराध जांच इकाई के सहायक उप निरीक्षक अहसान अली और कांस्टेबल अवनीश राणा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *