प्रदीप कुमार
अगस्त्यमुनि/रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला खेल कार्यालय रुद्रप्रयाग के सहयोग से स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि के इंडोर हॉल में स्वर्गीय चंद्रबल्लभ बेंजवाल की पुण्य स्मृति में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता का समापन खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत अगस्त्यमुनि निकिता भट्ट तथा क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राधिका ने संयुक्त रूप से किया। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय चंद्रबल्लभ बेंजवाल ने कोरोना महामारी के कठिन दौर में स्वदेशी वैक्सीन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े व्यक्तित्व थे और बिबकोल यानी भारत इम्यूनोलॉजिकल्स एंड बायोलॉजिकल्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत रहे। उन्होंने देश में पोलियो वैक्सीन के निर्माण और टीकाकरण अभियान में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनके प्रयासों ने देश की स्वास्थ्य सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई। समापन समारोह में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय चंद्रबल्लभ बेंजवाल का विज्ञान स्वास्थ्य सेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी पुण्य स्मृति में आयोजित यह बैडमिंटन प्रतियोगिता युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही उनके प्रेरणादायी योगदान को याद करने का सार्थक प्रयास है। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
