प्रदीप कुमार
रुड़की/हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के गोविंद भवन में 13 नवंबर 2026 की देर रात एक छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने पुलिस को सूचना दी थी कि गोविंद भवन में एक छात्र ने फांसी लगा ली है। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट रात्रि अधिकारी ध्वजवीर सिंह और पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम गोविंद भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर बीएस-10 में पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षा गार्डों की सहायता से दरवाजा खुलवाया गया। इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। कमरे के अंदर एक छात्र चादर के फंदे के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान आयुष रजौरिया पुत्र शैलेश रजौरिया उम्र लगभग 20 वर्ष निवासी 410 बांके बिहारी शरणम राजनगर एक्सटेंशन गाजियाबाद उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। मौके पर मौजूद आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ.मयंक शर्मा ने छात्र का परीक्षण किया। चिकित्सक के अनुसार छात्र की मृत्यु लगभग पांच से छह घंटे पहले हो चुकी थी। घटनास्थल पर जोनल चेकिंग के दौरान मौजूद क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। उनकी उपस्थिति में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने लैपटॉप को पासवर्ड के माध्यम से खोलकर आवश्यक निरीक्षण की कार्रवाई भी की। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। रात्रि का समय होने के कारण परिजनों के पहुंचने पर पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
