प्रदीप कुमार
रानीपुर/हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की असामाजिक तत्वों और शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रानीपुर पुलिस ने जमालपुर खुर्द में पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौच और मारपीट पर उतारू दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार 12 नवंबर 2026 को कोतवाली रानीपुर पुलिस को जमालपुर खुर्द निवासी हितेश कुमार ने सूचना दी कि सुमित और मोहित नाम के दो व्यक्ति उन्हें धमकी दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जमालपुर खुर्द स्थित जायसवाल ट्रांसपोर्ट कंपाउंड पहुंची। मौके पर दोनों व्यक्ति पुरानी रंजिश को लेकर शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौच कर रहे थे और मारपीट पर उतारू थे। पुलिस ने दोनों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वे उत्तेजित होकर हुड़दंग करने लगे। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत धारा 170 बीएनएस में हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान सुमित पुत्र सतीश उम्र 29 वर्ष निवासी बहादराबाद हरिद्वार और मोहित पुत्र ब्रह्मसिंह उम्र 28 वर्ष निवासी जमालपुर कोतवाली रानीपुर हरिद्वार के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल गंभीर तोमर और कांस्टेबल सुमन डोभाल शामिल रहे।
