Spread the love

प्रदीप कुमार
रानीपुर/हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने लोन क्लोजर की धनराशि 1 लाख 44 हजार 300 रुपये हड़पने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को हरियाणा के कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी जुलाई 2026 से फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग की मदद से उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार 23 जुलाई 2026 को जगजीतपुर कनखल निवासी आशीष गोयल ने कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड की शिवालिक नगर शाखा से ऋण लिया था। ऋण बंद कराने के लिए निर्धारित 1 लाख 44 हजार 300 रुपये की धनराशि कंपनी के तत्कालीन लोन अधिकारी एवं फील्ड ऑफिसर मिंटू कुमार गुज्जर सहित अन्य लोगों ने प्राप्त कर ली लेकिन उक्त धनराशि कंपनी की शाखा में जमा नहीं कराई और हड़प ली। शिकायत के आधार पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए लगातार सुरागरसी की। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी मिंटू कुमार की लोकेशन ट्रेस की और 12 नवंबर 2026 को हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित पीपली से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड की शिवालिक नगर शाखा में लोन अधिकारी एवं फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। उसने शिकायतकर्ता से ऋण बंद कराने के लिए 1 लाख 44 हजार 300 रुपये प्राप्त किए थे लेकिन इस धनराशि को कंपनी की शाखा में जमा कराने के बजाय स्वयं रख लिया और बाद में शाखा छोड़कर चला गया। आरोपी ने पूछताछ में धनराशि खर्च करना भी स्वीकार किया है। पुलिस द्वारा मुकदमे में सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिंटू कुमार पुत्र कंवर सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम नयागांव थाना नकुड़ जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी चौकी प्रभारी गैस प्लांट उप निरीक्षक अशोक सिरसवाल कांस्टेबल अजय कुमार और कांस्टेबल कुलदीप शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *