प्रदीप कुमार
कोटद्वार/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार के कलालघाटी क्षेत्रांतर्गत किशनपुरी में 13 नवंबर 2026 को एक मकान में विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। मकान में आग लगने और धुआं भरने से कमरे में मौजूद मां-बेटी बेहोशी की हालत में फंस गईं। घटना की सूचना मिलते ही चौकी कलालघाटी पुलिस और अग्निशमन कोटद्वार की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीमों ने देखा कि आग के कारण मकान के अंदर धुआं भर गया था और कमरे में मौजूद दोनों महिलाएं बेहोशी की हालत में थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कमरे का दरवाजा तोड़ा और दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस की सहायता से उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल दोनों महिलाओं की स्थिति ठीक है और उनका उपचार जारी है। वहीं रेस्क्यू अभियान के बाद अग्निशमन टीम ने मकान में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया। आग की घटना में बेहोश मिली महिलाओं की पहचान नीता डबराल पत्नी स्वर्गीय कमलेश्वर प्रसाद डबराल उम्र 64 वर्ष और उनकी पुत्री मिताली उर्फ अनु डबराल उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस और अग्निशमन टीम की त्वरित कार्रवाई से दोनों महिलाओं को समय रहते मकान से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका और आग पर भी पूरी तरह काबू पा लिया गया।
