Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के लिए मेला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। मेलाधिकारी सोनिका के निर्देशानुसार वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार 14 नवंबर को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने ज्वालापुर शिवालिक नगर और बहादराबाद क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं सड़क सुधार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा का पालन करने और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपर मेलाधिकारी ने ज्वालापुर से ईदगाह सुभाषनगर पीएसी होते हुए शिवालिक नगर तक मार्ग पर पथरी रोह नदी पर निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान के प्रीस्ट्रेस्ड आरसीसी सेतु का निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि सेतु का स्लैब कार्य 20 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने ज्वालापुर-ईदगाह-सुभाषनगर-पीएसी-शिवालिक नगर मार्ग पर बिटुमिनस कंक्रीट से नवीनीकरण और आबादी क्षेत्र में सड़क के शोल्डर पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अपर मेलाधिकारी ने बहादराबाद सिडकुल चार लेन मार्ग पर भाईचारा ढाबा से बीएचईएल बैरियर संख्या-8 होते हुए शिवालिक नगर चौक यानी बीएचईएल मध्य मार्ग तक मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्य तेजी से पूरा करने के साथ ही निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने बहादराबाद-धनौरी-इमलीखेड़ा-भगवानपुर-गागलहेड़ी राज्य मार्ग-68 के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा जहां सुधार की आवश्यकता है वहां तत्काल सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। अपर मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को देखते हुए सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यों की निरंतर निगरानी करें और उनकी प्रगति एवं गुणवत्ता पर कड़ी नजर रखें। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *