प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने टीम गौरा की समीक्षा बैठक लेकर महिला पुलिस कर्मियों के कार्यों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने टीम गौरा की सदस्यों को टी-शर्ट वितरित की। जनपद के सभी 12 थानों में गठित टीम गौरा पिछले सात माह से स्कूलों एवं कॉलेजों में छात्राओं को आत्मरक्षा और बिना हथियार आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के साथ ही महिला सुरक्षा बालिका सशक्तीकरण विधिक अधिकारों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद के सभी 12 थानों की प्रशिक्षित महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के स्कूलों एवं कॉलेजों में जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्राओं को विषम परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने के लिए सक्षम और आत्मविश्वासी बनाना है। टीम गौरा द्वारा छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों गुड टच-बैड टच साइबर अपराधों से बचाव तथा पॉक्सो और कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम से जुड़े कानूनों की जानकारी भी दी जा रही है। इसके अलावा स्कूलों कॉलेजों और संवेदनशील स्थानों के आसपास नियमित गश्त कर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान भी किया जा रहा है। महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस के गौरा शक्ति ऐप शी-बॉक्स और महिला हेल्पलाइन सेवाओं के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। जनपद के सभी 12 थानों में गठित टीम गौरा की कमान प्रशिक्षित महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपी गई है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज में उनके लिए सुरक्षित एवं भरोसेमंद वातावरण तैयार करना है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने टीम गौरा की सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में पिछले सात माह के दौरान टीम द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई और सदस्यों से फीडबैक प्राप्त किया गया। एसएसपी ने महिला पुलिस कर्मियों के प्रयासों एवं कार्यों की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए टीम गौरा की टी-शर्ट वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने सभी सदस्यों को महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति पूरी संवेदनशीलता तत्परता एवं समर्पण के साथ कार्य करने तथा स्कूलों में छात्राओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। एसएसपी ने टीम गौरा को निर्देश दिए कि छात्राओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में नियमित रूप से जागरूक किया जाए। फेसबुक इंस्टाग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया मंचों पर खातों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय करने की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने छात्राओं के साथ-साथ छात्रों को भी लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम पॉक्सो के प्रावधानों एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि टीम गौरा द्वारा संचालित जागरूकता एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रमों से छात्राओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास जागरूकता और आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा मिल रहा है। टिहरी पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक महिला एवं बालिका अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो स्वयं को सुरक्षित महसूस करे तथा किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना करने में सक्षम बने। टिहरी पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ उत्पीड़न साइबर अपराध अथवा अन्य समस्या की स्थिति में चुप न रहें बल्कि तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और टिहरी पुलिस उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
